उत्तर प्रदेश

करंट की चपेट में आकर वक्फ दारुल उलूम के छात्र की दर्दनाक मौत

neerajtimes.com देवबंद — नगर के मोहल्ला खानकाह में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में वक्फ दारुल उलूम के 20 वर्षीय छात्र की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही संस्था के जिम्मेदारों, शिक्षकों और छात्रों में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं, छात्र की मौत की सूचना मिलते ही उसके परिवार में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हरियाणा के नूंह-मेवात जनपद निवासी मोहम्मद रियाज मेवाती (20) वक्फ दारुल उलूम में अरबी की सातवीं कक्षा का छात्र था। बताया गया है कि मंगलवार देर रात वह मोहल्ला खानकाह में तुर्किश दस्तरखान होटल के समीप किताब खरीदने के लिए गया था। इसी दौरान वह वहां लगी लोहे की रेलिंग के संपर्क में आ गया। बताया जा रहा है कि रेलिंग में बिजली का करंट दौड़ रहा था।
करंट की चपेट में आने से मोहम्मद रियाज गंभीर रूप से झुलस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। घटना की जानकारी वक्फ दारुल उलूम के जिम्मेदारों को दी गई, जिसके बाद छात्र के परिजनों को हादसे की सूचना दी गई।
छात्र की अचानक हुई मौत की खबर से संस्था के शिक्षकों और छात्रों में गहरा शोक व्याप्त हो गया। देर रात आवश्यक कार्रवाई के बाद छात्र के शव को उसके पैतृक गांव नूंह-मेवात, हरियाणा के लिए रवाना कर दिया गया। बताया गया है कि संस्था के शिक्षकों का एक दल भी शव के साथ उसके गांव गया है।
उधर, मोहम्मद रियाज की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। छात्र की मौत से उसके गांव तथा परिचितों में भी शोक की लहर है।
बताया जा रहा है कि हादसे के बाद लोहे की रेलिंग में करंट आने के कारणों को लेकर स्थानीय स्तर पर सवाल उठ रहे हैं। आखिर रेलिंग में करंट किस वजह से आया और विद्युत व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही हुई या नहीं, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। रिपोर्टर — महताब आज़ाद

Related posts

रूबी की कविताओं में मीरा की आंखों का पानी – नरेंद्र गौड़

newsadmin

हिंदी महासभा ने प्रयागराज में किया लोकार्पण एवं काव्य समारोह आयोजित

newsadmin

मेरी साहित्यिक यात्रा (संस्मरण) – कैप्टन सरोज सिंह

newsadmin

Leave a Comment