उत्तर प्रदेश

जरूरतमंद स्कूली बच्चों को मानव कल्याण मंच ने वितरित की स्कूल ड्रेस

neerajtimes.com देवबंद — प्रसिद्ध सामाजिक संस्था मानव कल्याण मंच देवबंद द्वारा समाजसेवा के अपने निरंतर अभियान के अंतर्गत शिव शिशु मंदिर जूनियर हाई स्कूल के जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए स्कूल ड्रेस वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान 32 जरूरतमंद बच्चों को स्कूल यूनिफॉर्म वितरित की गई। ड्रेस पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखते ही बन रहा था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विपिन त्यागी एडवोकेट (सभासद), नगर पालिका परिषद देवबंद ने कहा कि शिक्षा पर प्रत्येक बच्चे का समान अधिकार है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को शिक्षा के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के ऐसे प्रयास समाज में समानता की भावना को मजबूत करने के साथ-साथ बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करते हैं। उन्होंने मानव कल्याण मंच के इस सेवा कार्य की सराहना की।
मंच के संस्थापक अरुण अग्रवाल ने बताया कि मंच द्वारा जरूरतमंद एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की सहायता के लिए समय-समय पर विभिन्न सेवा कार्य किए जाते हैं। इसी क्रम में आज 32 जरूरतमंद बच्चों को नि:शुल्क स्कूल ड्रेस उपलब्ध कराई गई। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल सहायता पहुंचाना ही नहीं, बल्कि बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय आने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रोत्साहित करना भी है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अजय वर्मा ने मानव कल्याण मंच का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था का यह प्रयास सराहनीय है। उन्होंने कहा कि कोई भी बच्चा केवल स्कूल ड्रेस जैसी मूलभूत आवश्यकता के अभाव में शिक्षा से वंचित न रहे, इस दिशा में किया गया यह प्रयास निश्चित रूप से प्रेरणादायक है। छोटा-सा सहयोग भी किसी बच्चे के जीवन में बड़ा परिवर्तन ला सकता है।
मंच के अध्यक्ष सुशील कर्नवाल ने कहा कि जरूरतमंद बच्चों को ड्रेस मिलने के बाद उनके चेहरों पर आई खुशी संस्था के लिए सबसे बड़ी संतुष्टि है। उन्होंने कहा कि समाज के सक्षम लोगों और संस्थाओं को आगे आकर जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा में सहयोग करना चाहिए।
मंच के महासचिव राजू सैनी ने संस्था द्वारा प्रत्येक माह किए जाने वाले सेवा कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि मानव कल्याण मंच निरंतर जनहित एवं समाजसेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी जरूरतमंद विद्यार्थियों की सहायता के लिए ऐसे कार्यक्रम जारी रहेंगे।
मंच के पूर्व अध्यक्ष राजीव शर्मा ने संस्था के इस पुनीत प्रयास की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे सेवा कार्यक्रम समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं। उन्होंने भविष्य में भी इसी प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम में मंच के उपाध्यक्ष प्रमोद मित्तल सहित मंच के अन्य पदाधिकारी, विद्यालय के शिक्षकगण एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में मानव कल्याण मंच की ओर से सभी सहयोगियों एवं विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त किया गया।     रिपोर्टर — महताब आज़ाद

Related posts

डॉ अशोक गुलशन पाण्डेय को मिला अमृत लाल नागर पुरस्कार एवं इक्यावन हजार रूपये नकद पुरूस्कार

newsadmin

दुर्गा पंडाल मे लगी आग, पांच की मौत 68 झुलसे

newsadmin

श्री विश्वकर्मा मन्दिर सभा के तत्वावधान में नगर पालिका अध्यक्ष विपिन गर्ग का स्वागत

newsadmin

Leave a Comment