उत्तर प्रदेश

जामिया तिब्बिया देवबंद के तीन छात्र विश्वविद्यालय स्तर पर हुए सम्मानित

neerajtimes.com देवबंद — उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित 11वें आयुर्वेद दिवस के अवसर पर आयुष विभाग की ओर से लखनऊ में आयोजित सम्मान समारोह में महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय, गोरखपुर के सत्र 2023-24 के टॉपर छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। समारोह में विभिन्न आयुष पद्धतियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
समारोह में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, आयुष मंत्री दयाशंकर दयाल, प्रमुख सचिव आयुष रंजन कुमार, निदेशक आयुर्वेद डॉ. नारायण दास तथा निदेशक यूनानी डॉ. जमाल अख्तर सहित विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अतिथियों ने विश्वविद्यालय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मोमेंटो एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर जामिया तिब्बिया देवबंद के बीयूएमएस प्रथम बैच सत्र 2023-24 के विद्यार्थियों ने यूनानी विद्या में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए संस्थान का नाम रोशन किया। विश्वविद्यालय स्तर पर नूशरा ने प्रथम स्थान, रूफेदा नवल ने द्वितीय स्थान तथा समर रियाज ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। तीनों प्रतिभावान विद्यार्थियों को समारोह में सम्मानित किया गया।
छात्रों की इस उपलब्धि पर जामिया तिब्बिया देवबंद के सचिव डॉ. अनवर सईद एवं डॉ. अख्तर सईद ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सम्मानित विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और संस्थान की शैक्षणिक व्यवस्था के चलते यह उपलब्धि हासिल हुई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जामिया तिब्बिया देवबंद के विद्यार्थी भविष्य में भी शिक्षा एवं चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए संस्थान और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।
संस्थान के सचिव, समस्त स्टाफ तथा छात्र-छात्राओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सहित प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा आयुष चिकित्सा पद्धतियों के विकास और प्रोत्साहन के लिए विभिन्न स्तरों पर कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इससे आयुर्वेद, यूनानी सहित अन्य भारतीय चिकित्सा पद्धतियों के विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिल रहे हैं।
जामिया तिब्बिया देवबंद के विद्यार्थियों द्वारा विश्वविद्यालय स्तर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किए जाने को संस्थान के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने एक-दूसरे को बधाई दी।
रिपोर्टर — महताब आज़ाद

Related posts

मानव कल्याण मंच द्वारा जरूरतमन्द स्कूली बच्चों को ड्रेस की गई वितरित

newsadmin

जहीरपुर गांव में बारिश में भरभराकर गिरा मकान,

newsadmin

अटल बिहारी वाजपेयी इंटरनेशनल इकाना क्रिकेट स्टेडियम में 25 मार्च को भाजपा सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होगा

admin

Leave a Comment