उत्तर प्रदेश

डंपर की टक्कर से ट्रैक्टर-ट्राली सवार किसान की मौत, चालक वाहन छोड़कर फरार

neerajtimes.com देवबंद — सहारनपुर-मुजफ्फरनगर स्टेट हाईवे पर मंडी समिति के सामने बुधवार को हुए सड़क हादसे में ट्रैक्टर-ट्राली सवार एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के परिजनों की ओर से पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की गई है।
पुलिस द्वारा शाम करीब चार बजे जारी की गई जानकारी के अनुसार, थाना बसेड़ा क्षेत्र के एक गांव निवासी सोनू कश्यप सुबह करीब चार बजे अपने ट्रैक्टर-ट्राली में पराली भरकर मुजफ्फरनगर मंडी में बेचने के लिए जा रहे थे। बताया गया है कि जैसे ही उनका ट्रैक्टर-ट्राली देवबंद मंडी समिति के सामने सहारनपुर-मुजफ्फरनगर स्टेट हाईवे पर पहुंचा, तभी पीछे से तेज गति से आ रहे एक डंपर ने ट्रैक्टर-ट्राली में जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्ष रूप से सामने आई जानकारी के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर काफी दूर तक घिसटता हुआ चला गया। हादसे में ट्रैक्टर चालक सोनू कश्यप गंभीर रूप से घायल हो गए। गंभीर चोटों के चलते उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया, जबकि हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस द्वारा फरार चालक की तलाश और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
उधर, हादसे की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन रोते-बिलखते हुए देवबंद पहुंचे। परिवार में किसान की मौत की खबर से कोहराम मच गया। परिजनों ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर हादसे के लिए जिम्मेदार डंपर चालक के खिलाफ कार्रवाई किए जाने तथा मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पुलिस ने परिजनों की ओर से दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद से मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।
रिपोर्टर – महताब आज़ाद

Related posts

सावन महोत्सव’ कवि सम्मेलन का हुआ आयोजन

newsadmin

शत्रु संपत्ति प्रकरण में मंडलायुक्त ने डीएम को दिए जांच के निर्देश

newsadmin

पार्शियल नी-रिप्लेसमेंट अर्थराइटिस मरीजों के लिए बना वरदान

newsadmin

Leave a Comment