मेरे गिरधर जग से सुंदर, कैसे उनकी सुरति भुलाऊं।
मैं उनकी वो मेरे प्रियतम, क्यों न भला फिर यूं इतराऊं।।
नटनागर की मोहनि मूरत, नैना अतिशय हैं कजरारे।
वृषभानुजा संग में सोहैं, नथ कुंडल मारें लसकारे।।
कन-कन में दोनों के दर्शन, करूं हृदय में मैं हरसाऊं।।
मैं उनकी वो मेरे प्रियतम, क्यों न भला फिर यूं इतराऊं।।
मधुर-मधुर मुस्कान सजी है, मृदु अधरोष्ठों पर दोनों के।
इक दूजे के हृदय बने हैं, सुंदरतम घर दोनों के।।
युगल मूर्ति की यह मनहर छवि, निज नयनन में क्यों न बसाऊं।।
मैं उनकी वो मेरे प्रियतम, क्यों न भला फिर यूं इतराऊं।।
उज्जवल चंद्रकांतमणि जैसी, सुधा अमृत निर्झरिणी राधा।
मनमोहन घन जैसे श्यामल, श्वेत-कमल पुष्करिणी राधा।।
ऐसी सुंदरतम युग-छवि लख, मन ही मन क्यों ना इठलाऊं।
मैं उनकी वो मेरे प्रियतम, क्यों न भला फिर यूं इतराऊं।।
– नित्यानंद वाजपेयी “उपमन्यु”
गीता विहार कॉलोनी, पांचाल घाट, गंगाधाम
फतेहगढ़ फर्रूखाबाद (उत्तर प्रदेश)- 209601