neerajtimes.com देवबंद — कोतवाली देवबंद पुलिस ने दुकान के गल्ले का ताला तोड़कर चोरी करने के मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 6,140 रुपये की नकदी बरामद की है। आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, निकटवर्ती गांव ऊंचा निवासी महेश कुमार पुत्र नरेंद्र पाल ने पुलिस को लिखित तहरीर देकर दुकान के गल्ले का ताला तोड़कर 30 हजार रुपये चोरी किए जाने की शिकायत की थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए थे। पुलिस अधिकारियों की ओर से मामले में वांछित आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार करने के निर्देश दिए गए थे।
कोतवाली प्रभारी संदीप बालियान के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। इसी क्रम में मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने मंगलौर रोड स्थित मुस्लिम कब्रिस्तान के सामने चेकिंग के दौरान मुकदमे में वांछित आरोपी अमित कुमार पुत्र सुरेंद्र उर्फ बेना निवासी गांव ऊंचा, थाना देवबंद, जनपद सहारनपुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 6,140 रुपये की नकदी बरामद हुई।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम
आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक आनंद कुमार, हेड कांस्टेबल संजीव कुमार, कांस्टेबल अमित कुमार और कांस्टेबल रोहित कुमार शामिल रहे।
रिपोर्टर — महताब आज़ाद