उत्तर प्रदेश

जहीरपुर गांव में बारिश में भरभराकर गिरा मकान,

neerajtimes.com देवबंद — क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच जहीरपुर गांव में एक विधवा महिला का मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय मकान में मौजूद महिला, उसके तीन बच्चे और बुजुर्ग ससुर ने किसी तरह समय रहते घर से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। गनीमत रही कि हादसे में परिवार के किसी भी सदस्य को चोट नहीं आई। मकान गिरने के बाद परिवार के सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है।
जानकारी के अनुसार जहीरपुर गांव निवासी रेशमा, पत्नी स्वर्गीय जान आलम, अपने तीन बच्चों और बुजुर्ग ससुर खुर्शीद के साथ गांव स्थित मकान में रहती हैं। बताया गया कि गुरुवार देर शाम क्षेत्र में हुई तेज बारिश के दौरान अचानक मकान की दीवारों और छत में हलचल होने लगी। परिवार के सदस्यों को मकान के कमजोर होने का आभास हुआ तो उन्होंने बिना देर किए घर से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। उनके बाहर निकलते ही मकान का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिर पड़ा।
मकान गिरने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने परिवार के सदस्यों का हाल जाना और मलबे से जरूरी सामान निकालने में मदद की। हादसे में किसी के घायल न होने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली, लेकिन मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण परिवार के सामने अब रहने की गंभीर समस्या पैदा हो गई है।
ग्रामीणों के मुताबिक रेशमा विधवा हैं और मेहनत-मजदूरी करके अपने बच्चों तथा बुजुर्ग ससुर का भरण-पोषण करती हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण क्षतिग्रस्त मकान का दोबारा निर्माण कराना उनके लिए बेहद मुश्किल है। मकान गिरने के बाद परिवार को बारिश के मौसम में सुरक्षित आशियाने की चिंता सताने लगी है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले का तत्काल संज्ञान लेकर मौके का निरीक्षण कराने, पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने तथा मकान के पुनर्निर्माण के लिए सरकारी योजना के तहत मदद दिलाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन की ओर से सहायता उपलब्ध नहीं कराई गई तो परिवार को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
फिलहाल ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित विधवा महिला और उसके बच्चों की स्थिति को देखते हुए जल्द से जल्द राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है।
रिपोर्टर — महताब आज़ाद

Related posts

हिन्द की चादर गुरू तेग बहादुर जागृति यात्रा का देवबंद पहुंचने पर हुआ स्वागत

newsadmin

मैपल्स एकेडमी देवबंद ने साइबर अपराध के बढ़ते प्रकोप के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए कार्यक्रम का आयोजन

newsadmin

उत्तर प्रदेश में बिजली आपूर्ति को लेकर योगी सरकार बेहद गंभीर, ग्रेटर नोएडा में बिजली कनेक्शन देने में गड़बड़ी पर बड़ा एक्शन

admin

Leave a Comment