मनोरंजन

बोलो राम राम राम – भूपेंद्र राघव

राम  हैं  भव  सागर  के   सेतु

राम   अवतरित   हमारे   हेतु

राम  हैं  सकल  सृष्टि  आधार

राम  हैं   सब  मंत्रों  का  सार

समाहित  राम  नाम  में कल्प

राम  का  होता  नहीं  विकल्प

राम से बड़ा राम का नाम, तो बोलो राम राम राम..

संवारें  सारे  बिगड़े  काम, तो बोलो राम राम राम..

 

राम  ही  धर्म, राम  ही   ज्ञान

अपरिमित राम, राम  विज्ञान

राम  के   गूढ़   अनेकों   अर्थ

अचर-चर राम नहीं तो  व्यर्थ

राम  प्रभु  सुंदर  कृपानिधान

राम तप, जाप, राम ही ध्यान

राम से बड़ा राम का नाम, तो बोलो राम राम राम..

संवारें  सारे  बिगड़े  काम, तो बोलो राम राम राम..

 

राम   की  महिमा  अपरम्पार

राम  सब  लोकों  का आकार

राम  ही  भूमि,   राम  पाताल

राम  ही  शून्य, राम ही  काल

राम बल, बुद्धि राम  ही त्याग

राम शुभ-लाभ  राम  सौभाग

राम से बड़ा राम का नाम, तो बोलो राम राम राम..

संवारें  सारे  बिगड़े  काम, तो बोलो राम राम राम..

 

राम  ही ग्रंथ, राम  ही  शास्त्र

राम सब अस्त्र,शस्त्र ब्रह्मास्त्र

राम बल, बुद्धि पराक्रम सिंधु

राम  प्रभु श्रद्धा के सुख बिंदु

राम  ही  सत्य, राम  ही  श्रेष्ठ

राम  अधिनायक त्रिपुर ज्येष्ठ

राम से बड़ा राम का नाम, तो बोलो राम राम राम..

संवारें  सारे  बिगड़े  काम, तो बोलो राम राम राम..

 

राम  प्रभु  वैभव, धन, संपत्ति

राम   ही  आराधन,  अनुरक्ति

राम  हैं  शक्ति,  राम हैं  भक्ति

राम  का नाम जीव की  मुक्ति

राम  माँ  कौशल्या   के  अंक

अहिल्या तारक  राम  निशंक

राम से बड़ा राम का नाम, तो बोलो राम राम राम..

संवारें  सारे  बिगड़े  काम, तो बोलो राम राम राम..

 

भजो नित राम लला का नाम

राम ही कल्याणक, सुखधाम

राम     सर्वज्ञ,    राम    मर्मज्ञ

राम  के   नाम  मात्र   में  यज्ञ

राम प्रभु विघ्न-विनाशक राम

राम,  जन-जन उद्धारक  राम

राम से बड़ा राम का नाम, तो बोलो राम राम राम..

संवारें  सारे  बिगड़े  काम, तो बोलो राम राम राम..

– भूपेंद्र राघव, खुर्जा, उत्तर प्रदेश

Related posts

नव वर्ष — राजू उपाध्याय

newsadmin

सिहोरा जबलपुर इकाई के तत्वावधान ऑनलाइन काव्य गोष्ठी आयोजित

newsadmin

चुनाव – प्रदीप सहारे

newsadmin

Leave a Comment