neerajtimes.com समस्तीपुर/सरायरंजन (संवाददाता- प्रकाश कुमार राय) – पटना–पूर्णिया एक्सप्रेसवे के वर्तमान प्रस्तावित अलाइनमेंट के विरोध में पटना–पूर्णिया एक्सप्रेसवे जन संघर्ष समिति, सरायरंजन के तत्वावधान में बुधवार को सरायरंजन बाजार में विरोध प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत गंगा पैलेस से मार्च निकालकर की गई। मार्च पूरे सरायरंजन बाजार से होते हुए निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एवं प्रभावित परिवार शामिल हुए। इस दौरान वर्तमान प्रस्तावित अलाइनमेंट में बदलाव तथा प्रभावित आवासीय एवं सार्वजनिक परिसंपत्तियों को बचाने की मांग को लेकर नारे लगाए गए।
मार्च के बाद सरायरंजन बाजार के बीच में विजय कुमार चौधरी, नित्यानंद राय एवं NHAI का तीन सिर वाला संयुक्त पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया गया। पुतला दहन के बाद सभा का आयोजन किया गया, जिसका संचालन संघर्ष समिति के संयोजक उमेश झा ने किया। सभा को सुरेश महतो, दिनेश झा, किशोरी प्रसाद, संजीव इंकलाबी, जवाहर झा, सुखदेव साहनी, दयानंद झा, दीपक झा, रामाज्ञा झा, कुंदन कुमार झा एवं शिवकुमार झा सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया।
वक्ताओं ने पटना–पूर्णिया एक्सप्रेसवे के वर्तमान प्रस्तावित अलाइनमेंट से उत्पन्न होने वाली समस्याओं को विस्तार से रखा तथा प्रभावित परिवारों, दुकानों एवं शैक्षणिक परिसंपत्तियों को बचाने के लिए वैकल्पिक अलाइनमेंट पर विचार करने की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि स्थानीय लोग विकास परियोजना के विरोधी नहीं हैं। उनकी मांग है कि एक्सप्रेसवे जैसी महत्वपूर्ण विकास परियोजना का निर्माण हो, लेकिन इसके लिए ऐसा अलाइनमेंट चुना जाए जिससे कम से कम विस्थापन हो और स्थानीय आवासीय क्षेत्र तथा KSR कॉलेज की शैक्षणिक संरचनाओं एवं खेल मैदान को बचाया जा सके।
सभा में कहा गया कि जनहित में प्रशासन एवं NHAI को प्रभावित लोगों की आपत्तियों पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए वैकल्पिक अथवा संशोधित अलाइनमेंट की संभावनाओं पर पुनर्विचार करना चाहिए। समिति ने चेतावनी दी कि यदि प्रभावित लोगों की मांगों और आपत्तियों पर शीघ्र ध्यान नहीं दिया गया तथा प्रस्तावित अलाइनमेंट में आवश्यक सुधार नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक एवं उग्र रूप दिया जाएगा। समिति ने कहा कि आगे की रणनीति प्रभावित लोगों एवं स्थानीय नागरिकों से विचार-विमर्श कर तय की जाएगी। मौके पर पहुंचे स्थानीय पूर्व पंचायत समिति सदस्य सह युवा समाजसेवी संजीव कुमार इन्कलाबी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा का मन्दिर पर प्रहार करना बहुत ही निन्दनीय और शर्मनाक है। इसके ख़िलाफ़ हम लोग चरणबद्ध तरीके से आन्दोलन करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। श्री इन्कलाबी ने कॉलेज के टूटने पर गहरी चिन्ता व्यक्त करते हुए कहा कि लगभग बीस किलोमीटर के दायरे में एक मात्र डिग्री कलेजे है यदि यह भी टूट गया तो क्षेत्र के लाखों छात्र छात्राओं का जीवन अंधकारमय हो जाएगा। यह कॉलेज हमारे क्षेत्र का गौरव है तथा इसका गौरवमयी इतिहास रहा है। हम लोग किसी भी कीमत पर इस कॉलेज को टूटने नहीं देंगे।
संघर्ष समिति ने स्पष्ट किया कि आंदोलन शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से शुरू किया गया है और जनहित से जुड़े इस मुद्दे पर प्रभावित लोगों के अधिकारों की रक्षा के लिए आगे भी आंदोलन जारी रखा जाएगा।
मौके पर सभा का संचालन संघर्ष समिति के संयोजक उमेश झा ने किया। सभा को सुरेश महतो, दिनेश झा, किशोरी प्रसाद,जवाहर झा,सुखदेव सहनी, लाल बाबू यादव, अमर झा दयानन्द झा, दीपक झा, रामाज्ञा झा, कुन्दन कुमार झा, शिवकुमार झा आदि मुख्य वक्ताओं ने सभा को संबोधित किया। मौके पर किरण देवी,आशा देवी,सरस्वती देवी,अंजू देवी,प्रतिभा देवी,रिंकू देवी आदि सैंकड़ों लोग मौजूद रहे।