ग्वालियर पुलिस ने न्यू रंजीत नगर नई दिल्ली से एक फर्जी कॉल सेंटर पकड़ा है। कॉल सेंटर का मास्टर माइंड पुलिस के हाथ लगा है। उसने अभी तक एक सैकड़ा से ज्यादा लोगों को शिकार बनाकर करीब 1.29 करोड़ रुपए की ठगी की है। ग्वालियर के एक इंजीनियर को दुबई में लाखों का पैकेज दिलवाने का सपना दिखाकर इन्होंने 73.30 लाख रुपए ठगे थो। इसी शिकायत के बाद पुलिस इस फर्जी कॉल सेंटर के पीछे लगी।
यह लोग फर्जी वेबसाइट thejobkart.com पर युवा बेरोजगारों के बॉयोडाटा लेते थे फिर उनको कॉल कर ठगी का शिकार बनाते थे। गिरोह का एक सदस्य अभी फरार हो गया है। पुलिस ने दिल्ली में फ्लैट से 8 लेपटॉप, 02 मॉडम, 08 वायरलेस टेलीफोन, 01 मोबाइल फोन तथा 06 लाख रुपए व दस्तावेज आदि बरामद किए हैं।
सूचना मिलने के बाद दो दिन तक क्राइम ब्रांच ने दिल्ली में फलैट की निगरानी की। पूरे यकीन के बाद जब दबिश दी तो फ्लैट में एक फर्जी कॉल सेंटर चलता मिला है। मास्टर माइंड दिलीप सोनी निवासी राजस्थान वहां से पकड़ा गया, जबकि उसका साथी राहुल फरार हो गया है। पुलिस ने मौके से 6 लाख रुपए नकद, 8 लेपटॉप, 02 मॉडम, 08 वायरलेस टेलीफोन, 01 मोबाइल फोन भी जब्त किया है। जब दिलीप सोनी से पूछताछ की गई तो उसने ग्वालियर के छात्र आशीष को ठगना कुबूल किया है। अब पुलिस उसके साथी राहुल की तलाश कर रही है