neerajtimes.com गयाजी (डॉ अनमोल कुमार) । भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा भागलपुर में आयोजित जनसभा में कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर की गई टिप्पणी और लगाए गए आरोपों पर गया जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष रजनीश कुमार झुन्ना ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि राहुल गांधी जी को अपने परिवार की नहीं, बल्कि देश के करोड़ों गरीबों, किसानों, मजदूरों, युवाओं और बेरोजगारों के भविष्य की चिंता है। यही कारण है कि वे सड़क से संसद तक जनता के अधिकारों और लोकतंत्र की रक्षा की आवाज उठा रहे हैं।
रजनीश कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यदि देश के 140 करोड़ लोगों को अपना परिवार मानते हैं, तो उन्हें बताना चाहिए कि इस परिवार के युवाओं को रोजगार कब मिलेगा? महंगाई से परेशान आम जनता को राहत कब मिलेगी? किसानों की आय और मजदूरों की आर्थिक स्थिति में सुधार कब होगा? केवल भाषणों में देशवासियों को परिवार बताने से जिम्मेदारी पूरी नहीं होती, बल्कि जनता के प्रति जवाबदेही भी निभानी पड़ती है।
उन्होंने कहा कि नितिन नवीन जी को राहुल गांधी पर व्यक्तिगत टिप्पणी करने के बजाय देश के वास्तविक मुद्दों पर जवाब देना चाहिए। राहुल गांधी द्वारा वोट चोरी, मतदाता सूची में गड़बड़ी और चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर उठाए जा रहे सवाल लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने की पहल हैं। चुनाव आयोग और संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता पर सवाल उठाना किसी संस्था को कमजोर करना नहीं, बल्कि उसकी जवाबदेही सुनिश्चित करने की लोकतांत्रिक प्रक्रिया है।
भाजपा के दोहरे मापदंड वाले आरोप पर पलटवार करते हुए रजनीश कुमार ने कहा कि कांग्रेस पार्टी चुनाव जीतने पर जनता के जनादेश का सम्मान करती है और चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी की शिकायत होने पर सवाल भी उठाती है। लोकतंत्र में सवाल पूछने का अधिकार केवल सत्ताधारी दल के पास नहीं है। विपक्ष की जिम्मेदारी है कि वह सरकार की नीतियों और संवैधानिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली पर नजर रखे।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जी ने 1 नवंबर को दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित वोट बचाओ, देश बचाओ, लोकतंत्र बचाओ महारैली के माध्यम से यह साबित कर दिया कि वे देश की जनता की आवाज बनकर लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की लड़ाई लड़ रहे हैं। देश के विभिन्न राज्यों से उमड़े कांग्रेस एवं इंडिया गठबंधन के नेताओं, कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों की भारी भागीदारी ने इस अभियान को व्यापक जनसमर्थन दिया। रामलीला मैदान में उमड़ी भीड़ से भाजपा की बेचैनी साफ दिखाई दे रही है। जनता अब अपने मताधिकार, संविधान और लोकतांत्रिक अधिकारों को लेकर जागरूक हो रही है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को विदेशी ताकतों का सहयोगी बताना भाजपा की राजनीतिक बयानबाजी है। देशभक्ति का प्रमाणपत्र बांटने के बजाय भाजपा को जनता के सवालों का जवाब देना चाहिए। कांग्रेस ने देश की आजादी, संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए ऐतिहासिक संघर्ष किया है। कांग्रेस को विपक्ष की कुर्सी छीनने की धमकी देने वालों को याद रखना चाहिए कि लोकतंत्र में सरकार और विपक्ष का फैसला जनता करती है, किसी राजनीतिक दल का अध्यक्ष नहीं।
रजनीश कुमार ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता के मताधिकार, संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए अपनी लड़ाई जारी रखेगी। सत्ता पक्ष को यह नहीं भूलना चाहिए कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है और जनता के सवालों से कोई भी सरकार बच नहीं सकती।
हमारा संकल्प है— वोट बचाओ, देश बचाओ, लोकतंत्र बचाओ।
previous post