neerajtimes.com गयाजी( डॉ अनमोल कुमार) – 01 नवम्बर 2026 को दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली “वोट बचाओ, देश बचाओ, लोकतंत्र बचाओ” महारैली को लेकर गया जिला कांग्रेस कमेटी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को गया समाहरणालय के समक्ष स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा के समक्ष जनसंपर्क अभियान चलाया।
इस दौरान कांग्रेसजनों ने “चलो दिल्ली, चलो दिल्ली”, “वोट बचाओ, देश बचाओ, लोकतंत्र बचाओ” जैसे नारों के साथ गया जी के सम्मानित नागरिकों, युवाओं, छात्रों एवं आम लोगों से दिल्ली महारैली में भाग लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता गया जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष रजनीश कुमार झुन्ना ने की।
इस अवसर पर उपस्थित कांग्रेस नेताओं ने कहा कि 01 नवम्बर को रामलीला मैदान में आयोजित होने वाला चलो दिल्ली मार्च लोकतंत्र, संविधान, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और मताधिकार की रक्षा से जुड़े सवालों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने का एक मंच है। कांग्रेस नेताओं ने इसे हिन्दुस्तान की आत्मा का मार्च बताते हुए कहा कि इसमें छात्रों, युवाओं और आम नागरिकों की व्यापक भागीदारी अपेक्षित है।
नेताओं ने कहा कि यह मार्च केवल किसी राजनीतिक दल का कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों, नागरिक अधिकारों और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों पर अपनी आवाज बुलंद करने का अवसर है। वोट चोरी के आरोपों और चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर उठ रहे सवालों पर देश की जनता के बीच व्यापक चर्चा जरूरी है।
कांग्रेस नेताओं ने जानकारी दी कि 31 अक्टूबर से ही गया से दिल्ली जाने वाली ट्रेनों एवं बसों के माध्यम से कांग्रेसजन दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
कार्यक्रम में बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रदेश प्रतिनिधि विजय कुमार मिठ्ठू , युगल किशोर सिंह,राम प्रमोद सिंह, विद्या शर्मा, मदीना खातून, सैफुल्ल इस्लाम,दामोदर गोस्वामी, अर्जुन गुप्ता, मोहम्मद नवाब अली, खिजीर हयात,ओंकार शक्ति, धर्मेन्द्र निराला,सुनील पासवान,सहित अनेक कांग्रेसजन उपस्थित थे।
previous post