neerajtimes,com देवबंद — जिला कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद के शहीद किए जाने की घटना के बाद देवबंद में शुक्रवार को जुमे की नमाज को लेकर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आया। घटना के बाद यह पहला शुक्रवार होने के कारण प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती गई। दारुल उलूम क्षेत्र समेत कस्बे के विभिन्न मुस्लिम बहुल इलाकों और संवेदनशील स्थानों पर चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहा।
जुमे की नमाज को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी की। इस दौरान उप जिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी और कोतवाली प्रभारी समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल विभिन्न स्थानों पर तैनात रहा। अधिकारियों ने क्षेत्र में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और पुलिसकर्मियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
खास तौर पर रशीदिया मस्जिद और कस्बे की जामा मस्जिद के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई। इन स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था। इसके अलावा दारुल उलूम क्षेत्र, प्रमुख चौराहों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर भी पुलिसकर्मी मुस्तैद रहे।
शुक्रवार को जुमे की नमाज के लिए बड़ी संख्या में लोग मस्जिदों में पहुंचे। सुरक्षा व्यवस्था के बीच लोगों ने शांतिपूर्वक नमाज अदा की। नमाज के दौरान कहीं से भी किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति की सूचना नहीं मिली। नमाज संपन्न होने के बाद भी पुलिस बल काफी समय तक प्रमुख स्थानों पर तैनात रहा, ताकि व्यवस्था पूरी तरह सामान्य बनी रहे।
प्रशासन की ओर से क्षेत्र में निगरानी के साथ-साथ लोगों से शांति और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की गई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी जारी रखी जाएगी।
कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद की घटना के बाद पहले जुमे को लेकर पुलिस-प्रशासन की ओर से बरती गई अतिरिक्त सतर्कता के चलते देवबंद में दिनभर माहौल शांतिपूर्ण रहा। जुमे की नमाज सकुशल संपन्न होने के बाद पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
स्थानीय स्तर पर भी लोगों ने शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में सहयोग किया। प्रशासन की सतर्कता और पुलिस की मुस्तैदी के बीच देवबंद में जुमे की नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
रिपोर्टर — महताब आज़ाद
next post