neerajtimes.com – दिन में तो सूर्य का प्रकाश होता था, पर रात में होता था निविड़ अंधेरा। रात में कभी कभी चंद्रमा का चढ़ता उतरता मद्घिम प्रकाश जरूर हो जाता था। आग की खोज की नहीं गई थी। जंगल में लगी आग की रोशनी से पता चला कि रात में भी उजाले में रहा जा सकता है। लकडिय़ां जलाकर प्रकाश करते वर्षों बीते। कुछ लोग पशुओं की चर्बी जलाकर उजाला करने लगे। सदियां बीत गई। सदियों बाद दिये पर बाती रखी गई, उसमें तेल डालकर जलाया गया और वह प्रकाश का संवाहक बना। लोग प्रार्थना करने लगे :-
”भो दीप त्वं ब्रह्म रूप अंधकार निवारक:।
इमां मया कृतां पूजां, गृहत्तेज प्रवर्धय।”
प्रकाश की तलाश समाप्त नहीं हुई। दिया, तेल बाती के अलावा, मोमबत्तियां, फिर खनिज तेल, खनिज तेल से जलने वाले लेम्प, और फिर गैस पेट्रोमेक्स। यह सफर बिजली की खोज के साथ ही मनुष्य समुदाय को एक चमत्कार की दुनिया में ले गया। इलेक्ट्रिक से प्रारंभ हो कर इलेक्ट्रानिक की दुनिया में पहुंच कर इसने सभ्यता और समाज में खलबली मचा दी। तेज नियॉन रोशनी, और रंग-बिरंगी झालरों में प्रकाश केे रंगों और प्रकारों का दिव्य दर्शन होने लगा। इन्द्रधनुष की बांहों से छिटक कर प्रकाश की भिन्न-भिन्न वर्तिकाएँ और किरणें अपनी छटा दिखाने लगीं।
आदमी ने आग या प्रकाश की खोज नहीं की, उसने आग और प्रकाश को समझने का प्रयास किया। यह प्रकाश विखंडित हो, ”एक्स रे” बनकर शरीर के भीतर तक पहुंच देह विद्या के प्रपंच को पढऩे वाला ”गूढग़ामी” किरण सिद्घ हुआ। अब तो मानव, किरणों के रेशों पर सवार हो गया।
प्रकाश और प्रकाश की संवेदना को आत्मसात करने वाले विद्युत प्रवाह के परिपथ बनने वाले ”कंडक्टर” तथा ”सुपर कंडक्टर” अर्थात संवाहक और ”अति संवाहक” की गतियों और स्थितियों का अध्ययन हो गया। ”पराबैंगनी” और ”इन्फ्रा रेड” जैसी किरणों के भीतर से ”लेसर” पुंज खोज निकाले गए तथा इनके विस्फोटों से जटिल समस्याओं का निदान होने लगा।
पृथ्वी और सागर की अतल गहराई, आसमान और नक्षत्रों की अरबों-खरबों मील की दूरियां, खगोल में गुम से हुए तारामंडलीय रहस्यों की परतें, परत दर परत खुलती गई। भू-गर्भ और सागरगर्भीय फासिल्स (जीवाष्म) की आयु निकाल कर आदमी अपना आदिम स्वरूप और आदिम सभ्यता का अध्ययन करने लगा। नक्षत्रों के गहरे रहस्यों को बेधता मनुष्य का अंतरिक्ष विमान अतल गहरे आकाश में मनुष्य की पारगामी क्षमता की परचम लहराने लगा।
दीप और प्रकाश, उससे उत्पन्न ऊर्जा, पता नहीं कब किस क्षण प्रोटान का विखंडन बन गयी। वहां से हिरोशिमा और नागासाकी उभर कर धुंआ-धुंआ होते रहे। लेसर किरणों से बमों की बरसात ने इराक और अफगानिस्तान को मलबों के ढेर में परिवर्तित कर अपनी मारक क्षमता को स्थापित किया। ”आर.डी.एक्स.” के रूप में आतंकवाद की भट्टियां गरमाई तथा यह साबित कर दिया कि आदमी की बनाई गगनचुंबी इमारतों को ताश के ढेर की तरह बिखेरा जा सकता है।
तुलसी के चौरे पर दीपक रख कर आंचल पसार प्रणाम कर रही ”देवी स्वरूपा” नारी की आंखों से ओंठों पर उतर रही प्रार्थना और आशीष के समन्वित लय को देखो। नदी की लहरों में हरे पत्तों के दोने पर, दीप रख, दीपदान करते हाथ और, धारा पर झिलमिलाते हजारों दीप। आसमान की ऊॅंचाइयों पर लटक रहे रंग-बिरंगे ”आकाश दीप”, पंच पल्लवों से सुसज्जित कलशों के ऊपर जल रहे ”साक्षी दीप”, मंदिरों की देव प्रतिमाओं के अखंड स्वरूप ”अखंड ज्योति”। अनुष्ठानों, दानों, सम्मानों को अभिभूत करने वाले आरती और पूजा के दीप।
ये दीप ही तो है जो हमारी मन की भावनाओं की अभिव्यक्तियां, हमारे संकल्पों के स्वरूप, मनोकामनाओं के कलश और शुभेच्छाओं के प्रकाशित स्तंभ बनते है।
ये दीप सिर्फ प्रकाश ही नहीं है। ये दीप सिर्फ दिया, तेल, बाती ही नहीं है। इनको जलाना ही आसान नहीं है, पर जलने के बाद उसे बनाए रखना भी दुष्कर है।
”परम प्रकाश रूप दिन राती
नहिं कछु चहिअ दिया घृत बाती”
जिसके जलने से :-
”मोह दरिद्र निकट नहिं आवा।
लोभ बात नहिं ताहि बुझावा॥
प्रबल अविद्या तम मिट जाई।
हारहिं सकल सलभ समुदाई॥
खल कामादि निकट नहिं जाहीं।” (राम चरित मानस)
मानस कथाकार ने रामभक्ति के दीप का वर्णन किया है। भीतर के इस प्रकाश से, इन्द्रिय जनित मनोरोगों का नाश होता है। रामभक्ति के शांतदीप के सामने ज्ञान दीप का प्रचंड प्रकाश असमर्थ और धराशायी होने वाला प्रकाश है। बड़ा कठिन है इसे जलाना :
”तीन अवस्था तीन गुन
तेहि कपास ते काढ़ि
तूल तुरीय संवारि पुनी
बाती करै सुगाढ़ि”
इस बाती को –
”चित्त दिया भरि धरै दृढ़
समता दिअटि बनाई”
”एहि बिधि लेसै दीप,
तेज राशि विज्ञानभय
जातहिं जासु समीप
जरहिं मदादिक सलभ सब”
मद मोह आदि कीट पतंगे ऐसे विज्ञान मय तेज राशि, से जलने वाले दिए में जल कर खाक हो जाते हैं। आत्मा प्रकाश के सुख का अनुभव करती है। बुद्घि के प्रकाश से कुंठाएँ ढीली होकर नष्ट होती है। मान-सम्मान पाकर बुद्घि भ्रमित होने लगती हैं। इन्द्रियों के झरोखे खुल जाते हैं। विषय वासना की तेज बयार भीतर प्रवेश करती है।
जब सो प्रभंजन उर गृह जाई,
तबहि दीप बिज्ञान बुझाई।
ज्ञान का दीप ”विषय समीर बुद्घि कृत मोरी” होकर बुझ जाता है। मनुष्य फिर व्याकुल हो छटपटाने लगता है।
-”तमसो मा ज्योतिर्गमय”
-”तुम मेरे पीछे आओगे तो अंधेरे में नहीं चलोगे”
ये प्रकाश स्तंभ हैं, इनके पीछे चलने वाले अंधेरे में नहीं रहते। परंतु यह प्रकाश है क्या?
भीतर का प्रकाश और बाहर का प्रकाश, दोनों क्या अलग-अलग हैं?
आज दीपावली है। मिट्टी के दिये हैं। हजारों लाखों की संख्या में दीपमालिका सजी है। अंधेरे के साथ वह कुछ गा रही है।
”देते हैं, उजाले, मेरे सजदों की गवाही,
मैं छुप के अंधेरों में इबादत नहीं करता।”
कभी-कभी देखते हैं, वही दिया है, वही बाती है, लबालब तेल भरा है, हवा का झोंका आया और दिया बुझ गया। रह गई मलिन हुई बाती, आलोक कहीं चला गया।
”गत एव न ते निवर्तते
सखादीप इवानिलाहत:
अहमस्य दशेव पश्य माम्
विषह्यï व्यसन प्रधूमितान”
(कुमार सम्भव)
दीपावली का यह दिन, हर साल आता है। लोग दीप जलाते हैं और पूजा लक्ष्मी जी की करते हैं। आज का समय कई अर्थों में कंगाल है। अशिक्षा का पसरा हुआ अंधेरा लगातार गहराता जा रहा है। एक अरब की संख्या को पार करने के बाद आदमी ”मानव संसाधन” घोषित हो गया है। उपभोक्तावादी समाज के शब्द कोष में मनुष्य और उसके हाथों के श्रम को संसाधन के रूप में देखा जा रहा है।
”रात दीप धर हंस रही,
मोती झरते थाल।
जगमग रूप निहारता,
समय खड़ा कंगाल।”
इस वर्ष दीपावली, पिछली दीपावलियों से किन अर्थों में भिन्न होगी। शायद यह सोचने का विषय हो, पर लगता है कि गरीबी की ओर हमारे कदम कुछ और आगे चले जायेंगे। गरीबी और कर्ज के बोझ से दबे किसानों की आत्महत्यायें हमें झकझोर नहीं पा रही हैं।
किसानों को सबसिडी मिले या न मिले, यह तय करने का दायित्व विश्व बैंक और उसके नियंत्रकों की इच्छा पर निर्भर है। सूखे और बाढ़ की चपेट में किसी तरह उपजाई गई फसल की खरीदी दर क्या हो, यह सरकार ही तय करेगी। सरकारी दर पर समय में फसल न बिके तो किसान फसलों पर आग लगाकर आत्महत्यायें करेंगे।
जिस देश में लक्ष्मीनारायण की पूजा होती हो। जहां धनतेरस और दीपावली में सिर्फ लक्ष्मी की आराधना होती हो। यह बड़े आश्चर्य की बात है कि उसी देश में ”अन्नपूर्णा” का सेवक गांव का किसान भूखा और कंगाल होकर आत्महत्यायें करे।
लक्ष्मीजी के आगमन के स्वागत में बिजली के रंग बिरंगे झालर जल बुझ रहे हैं। दुकानों और उपहारों के ढेर के पीछे मैं खड़ा होकर अपनी खाली जेबें टटोलता हूं। बाजार ने हमें बेतहाशा खोखला और कंगाल कर दिया है।
ढेर सारे ऐसे भी चेहरे हैं जिन पर कर्ज में ली गई प्रसन्नता और किश्तों में खंडित मुस्कान हैं। आनेवाले बीस-तीस वर्षो का भविष्य किन्हीं वित्तीय संस्था के पास गिरवी रखकर ओढ़ी हुई उधार की सम्पन्नता की मस्ती में डूबे ये लोग, कर्ज का भार बढ़ जाता है तो सपरिवार आत्महत्या कर लेते हैं। उपभोक्तावादी समाज ने जीवन की उधार शैली विकसित की और लोग उसकी चकाचौंध में फंसे हुये हैं।
बाजार में सारी चीजें किश्त और उधार में उपलब्ध हैं।
चार्वाक के वंशज बड़े प्रसन्न हैं:-
”यावत् जिवेत् सुसुखं जिवेत्
ऋणं कृत्वा घृतंपिबेत्”
ऋण से सुख की तलाश के भ्रम बांटते रंगीन विज्ञापनों के बीच मन कुलांचे भर रहा है। दिये जल रहे हैं, पर उसके नीचे कर्ज का अंधेरा पसरा है। शायद दिये इसलिये उदास हैं – ”माटी का दीपक जले अंधकार के बीच।
किरणें दोनों हाथ से सपने रही उलीच।।” (विभूति फीचर्स)
दीपावली पर विशेष स्नान का महत्व – आचार्य पं. रामचन्द्र शर्मा ”वैदिक”
दीपावली पर्व पर श्री एवं समृद्घि प्राप्ति हेतु पुराणादि धर्मशास्त्रीय ग्रंथों में पूजा पूर्व विशेष स्नानों का उल्लेख प्राप्त होता है। अग्निपुराण में राजाओं को विजय तथा समृद्घि प्राप्ति हेतु माहेश्वर स्नानों का विस्तृत वर्णन मिलता है इन स्नानों के प्रणेता आचार्य शुक्राचार्य थे। सर्वप्रथम यह स्नान उन्होंने दानवेन्द्र राजा बलि को करवाया था। चूंकि अब राजा व राजतंत्र दोनों ही नहीं रहे किंतु अग्रिपुराण, पदम्-पुराण, भविष्योत्तर-पुराण एवं धर्मशास्त्रों में लक्ष्मी एवं आरोग्य प्राप्ति हेतु सामान्य प्रजाजनों के लिए दीपावली महापर्व के उपलक्ष्य में विशेष स्नानों की व्यवस्था मिलती है।
सामान्यत: स्नान करने की सात विधियां प्रचलित हैं, मंत्र स्नान, भौमस्नान, अग्निस्नान, वायव्यस्नान, दिव्यस्नान, वारूणस्नान और मंगलस्नान आदि। मंत्रों के द्वारा मार्जन करना मंत्रस्नान, विशेष प्रकार की मिट्टी लगाकर स्नान करना मृत्तिका (भौम) स्नान, भस्म (भभूति-राख) लगाकर स्नान करना भस्म-अग्निस्नान, गाय के खुर की धूल लगाकर स्नान करना वायव्यस्नान, सूर्यकिरण में वर्षा के जल से स्नान करना दिव्यस्नान, पवित्र नदियों में डुबकी लगाकर स्नान करना वारूणस्नान और मंगल अवसरों, त्यौहार आदि में निश्चित विधि अभ्यंग आदि से स्नान करना मंगलस्नान की श्रेणी में आता है। स्नान विधि के पश्चात् ही हम पूजा-अर्चना के योग्य बनते हैं। स्नानकर्म से दृष्ट एवं अदृष्ट शारीरिक शुद्घि, तथा पापनाश के साथ ही पुण्य की प्राप्ति होती है। संक्षेप में सामान्य रूप से स्नान कर्म से रूप, तेज, बल, पवित्रता, आयु, आरोग्य, ऐश्वर्य, दु:स्वप्ननाश, तप और मेघा इन दस गुणों की प्राप्ति होती है- गुण दश स्नान-परस्यसाधौ, रूपंचतेजश्च बलं च शौर्यम्। आयुष्यमारोग्यमलोलुपत्वं दु:स्वप्ननाशश्च तपश्च मेघा:॥
चतुर्दशी (रूपचौदस) से कार्तिक-शुक्ल प्रतिपदा इन तीनों दिनों के संयोग को दीपावली कौमुदी-उत्सव की संज्ञा प्राप्त है। इन दिनों प्रात:काल सतैल (अभ्यंगस्नान) का पुराण एवं धर्मशास्त्रों में बड़ा महत्व है। अभ्यंगस्नान से धन एवं ऐश्वर्य की प्राप्ति होती है। चतुर्दशी (रूपचौदस) को नरक से बचने तथा धन एवं ऐश्वर्य की प्राप्ति हेतु तेल मालिश कर पवित्र जल से स्नान करना चाहिए एवं सिर पर अपामार्ग की टहनियों को घुमाना चाहिए इससे कष्टों का नाश होता है। वास्तव में नरक-चतुर्दशी जिसे रूपचौदस के नाम से भी जाना जाता है, नरक से बचने के लिए यम को प्रसन्न करने का पर्व है। विष्णुधर्मोत्तरपुराण व श्रीमद्भागवत् में नरकासुर की लूट खसोट एवं उपद्रवों का वर्णन है कि नरकासुर ने देवमाता अदिति के गहने छीन लिये, वरूण को छत्र से वंचित कर दिया, मंदारपर्वत के मणिपर्वत शिखर को छीन लिया, देवताओं-सिद्घों व राजाओं की सोलह हजार कन्याओं का हरण कर उन्हें बंदी बना लिया ऐसे आततायी नरकासुर अर्थात् नरक से बचने के लिए शास्त्रों ने अभ्यंगस्नान की व्यवस्था की है जो शास्त्रीय एवं प्रामाणिक होने के साथ-साथ विज्ञानसम्मत भी है।
पद्मपुराण में उल्लेख है कि दीपावली की चतुर्दशी तिथि में तिल में लक्ष्मी तथा सामान्य जल में भी गंगा प्राप्त होती है, अत: दीपावली के उपलक्ष्य में चौदस को प्रात:काल अभ्यंगस्नान करने से यमलोक नहीं देखना पड़ता है और नरक का नाश होता है- तैले लक्ष्मीर्जले गंगा दीपावल्याश्चतुर्दशीम्। प्रात:तुय:कुर्याद् यमलोकं न पश्यति॥ दक्षिण भारत में चतुर्दशी को अभ्यंगस्नान करने के बाद कारीट नामक कड़वा फल पैर से कुचलने की प्रथा आज भी प्रचलित है जो नरकासुर के नाश का प्रतीक है। दीपावली पर्व के उपलक्ष में लक्ष्मी की कृपा प्राप्ति हेतु निम्नांकित स्नानों में से कोई भी एक स्नान कर सहजता से धन समृृद्घि की वृद्घि के साथ श्री प्राप्त की जा सकती है।
(1) दीपावली को प्रात:काल सूर्योदय के पूर्व अभ्यंगस्नान करने से धन समृद्घि की वृद्घि होती है एवं दरिद्रता का नाश होता है।
(2) दीपावली पर्व के उपलक्ष में पंचत्वचा (छाल)-बरगद, गूलर, पीपल, आम और पाकड़़ की छाल को पानी में उबालकर स्नान करने से लक्ष्मी से कभी वियोग नहीं होता है।
(3) गाय के गोबर को पवित्र जल से स्पर्श कराकर गौमयस्नान से धन व लक्ष्मी की अभिवृद्घि होती है।
(4) दुग्धस्नान करने से शक्ति एवं बल की वृद्घि होती है।
(5) दधिस्नान करने से सम्पत्ति बढ़ती है।
(6) घृतस्नान करने से आयु, आरोग्य एवं ऐश्वर्य की प्राप्ति होती है।
(7) शतमूल या शतावरी की जड़ से सिद्घ जलस्नान कामनापूर्ति में सहायक होता है।
(8) पलाश, बिल्वपत्र, कमल एवं कुशा से सिद्घ जल स्नान लक्ष्मी प्राप्ति की अचूक साधन है।
(9) रत्नस्नान करने से आभूषणों की प्राप्ति होती है।
(10) तिलस्नान करने से लक्ष्मी की प्राप्ति होती है।
(11) धातृपलस्नान करने से लक्ष्मी सहजता से प्राप्त होती है।
इन स्नानों के साथ ही दीपावली के मंगल पर्व पर लक्ष्मी प्राप्ति श्री एवं समृद्घि हेतु शहद, गन्ने का रस तथा दुग्धमिश्रित त्रिमधुर स्नान सौभाग्यवर्धक होता है। अत: लक्ष्मी पूजा प्रारंभ करने के पूर्व प्रात:काल उपुर्यक्त स्नान विधियों में से कोई भी स्नान का सुविधापूर्वक चयन कर श्री एवं समृद्घि सरलता से प्राप्त की जा सकती है। निर्णयसिन्धु में वर्णन है कि- वत्सरादौ बलिराज्ये तथैव च। तैलाभ्यंगम् कुर्वाणों नरकं प्रतिपद्यतें।
दीपावली के साथ कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा वर्ष की अत्यन्त शुभ तिथियों में से एक है अत: चतुर्दशी, दीपावली एवं प्रतिपदा को अभ्यंगस्नान करने से नरक अर्थात् कष्टों का नाश होता है एव धन व समृद्घि की वृद्घि होती है। संक्षेप में कौमुदी-उत्सव (दीपावली) में अभ्यंग अर्थात् मंगलस्नान करने से लक्ष्मी की कृपा प्राप्त होती है। (विभूति फीचर्स)