उत्तराखण्ड

पिथौरागढ़ में आयोजित कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिलाधिकारी रीना जोशी द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया

पिथौरागढ़- 26/01/2023- 74वां गणतंत्र दिवस जनपदभर में धूमधाम से मनाया गया। सभी सरकारी कार्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया तथा अनेक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। मुख्य कार्यक्रम जिला मुख्यालय पर पिथौरागढ़ स्थित पुलिस लाइन में आयोजित हुआ, जहां पर कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिलाधिकारी रीना जोशी द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। इसके बाद जिलाधिकारी द्वारा पुलिस टुकडियों एवं एनसीसी कैडेटस टुकड़ियों की सलामी ली गई।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने जनपदवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज ही के दिन 26 जनवरी 1950 को हमारे देश में गणतंत्र लागू हुआ था। उन्होंने कहा कि आज हम विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र तो हैं ही सबसे सशक्त लोकतंत्र भी है। हम हर क्षेत्र में तरक्की कर रहे हैं। लगभग 75 वर्षों तक हमारे देश में लोकप्रिय सरकारों का ही शासन रहा है। हमारे लोकतंत्र में सभी को समान अधिकार प्राप्त है। हमें अपनी सरकार खुद चुनने का अधिकार प्राप्त है।जिलाधिकारी ने कहा कि हमारा जनपद पिथौरागढ़ भी उत्तरोत्तर तरक्की कर रहा है। उन्होंने कहा कि हम बहुत ही भाग्यशाली है कि आज हम जनपद पिथौरागढ़ में गणतंत्र दिवस मना रहे हैं। जनपद पिथौरागढ़ का इतिहास बहुत ही गौरवशाली रहा है। यहां के लोग बहुत ही जुझारू हैं। यहां के लोगों ने स्वतंत्रता संग्राम में भाग लिया है। यहां के लोगों ने देश की सशस्त्र सेना में भर्ती होकर देश की सेवा की है, देश की रक्षा की है। जनपद के विकास पर प्रकाश डालते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि हमारे जनपद में विभिन्न मूलभूत सुविधाओं, शिक्षा आदि का विस्तार हुआ है। किंतु अभी भी कुछ समस्याएं जैसे जलापूर्ति की समस्या, कुछ ग्रामों में सड़क मार्ग की समस्या, दूरसंचार कनेक्टिविटी की समस्या अभी भी हैं, जिनके समाधान के लिए केन्द्र व राज्य सरकार तथा जिला प्रशासन द्वारा मिलकर कार्य किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने कहा कि हमारे जनपद में कृषि, उद्यान, मत्स्य पालन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। यहां टूरिज्म के विकास की बहुत संभावनाएं हैं जिसके लिए कार्य किया जा रहा है। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को भी याद किया।
इस अवसर पर स्कूली छात्र- छात्राओं व सांस्कृतिक दलों द्वारा रंगारंग प्रस्तुतियां दी गयी। पुलिस विभाग व छात्र-छात्राओं द्वारा विभिन्न करतब भी पेश किए गए।विकास से जुड़े विभिन्न विभागों द्वारा झांकियों का प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिलाधिकारी रीना जोशी एवं विशिष्ट अतिथि क्षेत्रीय सांसद अजय टम्टा द्वारा पुलिस विभाग में उल्लेखनीय कार्य करने वालों तथा गणतंत्र दिवस पर झांकियों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों आदि में प्रतिभाग करने वालों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इससे पूर्व जिलाधिकारी द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर में ध्वजारोहण किया गया तथा संविधान की शपथ दिलाई गई। जिलाधिकारी द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर से झांकियों को हरी झंडी दिखाकर मुख्य कार्यक्रम स्थल पुलिस लाइन के लिए रवाना किया गया।
इस अवसर पर डीएफओ जीवन मोहन दगाड़े, मुख्य विकास अधिकारी वरूण चौधरी, पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह, अपर जिलाधिकारी फिंचाराम चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी वह गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Related posts

कार ने युवक को मारी जबरदस्त टक्कर

newsadmin

सिलक्यारा रेस्क्यू ऑपरेशन के संबंध में अस्थाई मीडिया सेंटर में प्रेस ब्रीफिंग की गई

newsadmin

उत्तराखंड को हर क्षेत्र में संवार रहे हैं प्रधानमंत्री मोदी: डा. निशंक

newsadmin

Leave a Comment