neerajtimes,com – कुछ पार्टियां चुनाव से पहले वोटों को खरीदने के लिए नोटों का इस्तेमाल करती हैं । पांच सौ से कम की बात तो चलती नहीं । घर में जितने वयस्क सद्स्य हैं , उतने पांच सौ के पत्ते आते हैं । वे एक वोट के बदले पांच सौ रुपए पाकर खुश हो जाते हैं । मानों जिंदगी भर के लिए बहुत बड़ा खजाना मिल गया हो । बहुत बड़ी उपलब्धि हासिल हो गई हो । जब कि पैसे जैसे आते हैं वैसे चले भी जाते हैं । सप्ताह भर में सारे पैसे हाथों से रफूचक्कर हो जाते हैं ।
सच पूछा जाए तो वोटों को बेचना सिर्फ़ कानूनी अपराध ही नहीं , अपितु नैतिक दृष्टि से भी गलत है , मानवता पर भी करारा प्रहार है । यह अत्यंत दरिद्रता का भी सूचक है । रोटी – मिर्च – प्याज खाकर जिंदा रहने वाला यदि ईमानदारी से मतदान करता है, तो वास्तव में वह सबसे बड़ा धनी हैं , क्यों कि उसने देश के प्रति ईमानदारी से अपनी भूमिका निभाई है , पार्टियों को ठेंगा दिखाया है ।
ऊंची – ऊंची पढ़ाई करने वाले और तगड़ी कमाई करने वाले भी नोट लेकर वोट देते देखें जा सकते हैं । मानों मिट्टी में छुपा शंख खुद को गरीब बताकर ही छुप जाता हो ।
आश्चर्य की बात है कि चुनावों से पहले न जाने कहां से कुछ पार्टियां ढ़ेरों नोट लाकर अपने विश्वसनीय कार्यकर्ताओं के माध्यम से बंटवाती हैं । पता नहीं क्यों पुलिस को भनक नहीं लगती और क्यों वह धरपकड़ नहीं करती । वह तब ही कार्रवाई करती है जब पानी सर से बहने लगता है ।
हम एक स्वस्थ और स्वतंत्र लोकतंत्र हैं,ऐसी स्थिति में यदि कोई अपना वोट बेचता है तो यह सरासर राष्ट्र द्रोह है । अपने वोट का इस्तेमाल सही-सही और सोच -समझकर , तार्किक बनकर ही करना चाहिए ।
और हां पव्वे के लालच में भी मत पड़िए । शराब आपको मार सकती है,साथ ही यह आपके मान – मर्यादा को भी नष्ट कर देती है ।
हाल में बंगाल,असम,केरल,पुडुचेरी जैसे राज्यों में चुनाव होने हैं तब हमारी पुलिस को भी ध्यान देना चाहिए और व्यक्ति वह चाहे किसी भी पार्टी का हो , वोट खरीद – फरोख्त करता हो तो उस पर कानूनी कार्रवाई करें। ताकि यहां स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव हो सकें। (विनायक फीचर्स)
next post